सर्दी बढ़ने से चिड़ियाघर का सर्पगृह सोमवार से बंद कर दिया जाएगा। बढ़ती सर्दी से सांपों को बचाने के लिए उनके बाड़े में पुआल, बोरे और कंबल बिछाए जा रहे हैं। कई सांप बाड़े में बने कृत्रिम बिलों में घुसकर अपनी नींद पूरी करेंगे। अब दर्शक तीन महीने इन्हें नहीं देख पाएंगे।
कानपुर चिड़ियाघर के डॉ. अनुराग सिंह ने बताया कि वर्तमान में नाग, अजगर, पाइथन, कोबरा, रसल वाइपर, धामिन, घोड़ा पछाड़ समेत 12 प्रजाति के सांप हैं। हाइबरनेशन को शीतनिद्रा या सुप्तावस्था भी कहते हैं। सांप जाड़े के असर से बचने के लिए इस मौसम में करीब तीन महीने तक लगातार सोते रहते हैं। इसके चलते सरीसृप गृह बंद किया जा रहा है। तापमान बढ़ने पर मार्च से सरीसृप गृह दर्शकों के लिए दोबारा खोला जाएगा।
बाल दिवस पर खुला रहेगा चिड़ियाघर
बाल दिवस के मौके पर सोमवार को चिड़ियाघर खुला रहेगा। चिड़ियाघर प्रशासन ने बच्चों के विशेष दिन के चलते खोलने का निर्णय लिया है।