सहालग खत्म होने के बाद भी तेजी दिखा रहे सोना-चांदी के दाम शनिवार को गिर गए। बीते तीन दिन में चांदी के भाव में प्रति किलो 3500 रुपये और सोने के भाव में प्रति दस ग्राम 1100 रुपये की कमी दर्ज की गई। जानकारों का कहना है कि अगले सप्ताह आम बजट आने वाला है। इससे पहले भावों में उठापटक देखने को मिल सकती है।
17 जुलाई को सोने का भाव प्रति दस ग्राम 76250 रुपये हो गया था। इस साल 21 मई को सोने का भाव अब तक के उच्चतम स्तर 76350 रुपये प्रति दस ग्राम पहुंच गया था। 21 मई को ही चांदी ने मूल्य के मामले में रिकार्ड बनाया था। इस दिन इसका भाव प्रति किलो 95700 हो गया था। सहालग 15 जुलाई को खत्म हो गई थी। उम्मीद जताई गई थी भाव अगले दिन से कम होंगे। इसके उलट भाव तेजी से बढ़कर पूर्व रिकार्ड मूल्य के नजदीक पहुंच गए थे। अब इसमें गिरावट देखी जा रही है। उप्र सराफा एसोसिएशन के मंत्री रामकिशोर मिश्रा ने बताया कि अब भाव में गिरावट आई है। बजट आने से पहले और गिरावट या तेजी आगे देखने को मिल सकती है।