20 बसों के प्रस्थान का दावा
चालकों ने बताया कि बस अड्डे पर सवारी न मिलने के अंदेशे में वे बसों को सीधे झकरकटी ले जाते हैं। बस अड्डे से बैराज होते हुए चारबाग जाने वाली एसी बसों को शनिवार दोपहर 2:30 और 3 बजे लखनऊ के लिए छूटना था। न कोई बस आई न गई। बस अड्डे पर लगे बोर्ड में कानपुर से विधूना के लिए सुबह पांच से शाम छह बजे के बीच 20 बसों के प्रस्थान का दावा है, लेकिन एक भी गाड़ी नहीं पहुंची।
कई बसें डिपो के सामने से गुजरीं, लेकिन अंदर नहीं आईं
यही स्थिति हरिद्वार, हलद्वानी, मैनपुरी, आगरा, फर्रुखाबाद, दिल्ली, बरेली रूट जाने वाली बसों की रही। बस अड्डे से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर आजादनगर बस डिपो है। यहां से निकलने वाली बसें सिग्नेचर सिटी बस अड्डे के सामने से जीटी रोड पर पहुंचती हैं। शनिवार दोपहर करीब 12 से तीन बजे के बीच कई बसें डिपो के सामने से गुजर गईं, लेकिन अंदर नहीं आईं।
पूछताछ केंद्र में नहीं बैठते हैं कर्मचारी
जीटी रोड से करीब पांच किलोमीटर दूर पर बने इस बस अड्डे पर एक महिला क्लर्क और दो कर्मचारी तैनात हैं। यहां पूछताछ केंद्र भी है और बसों की समय सारिणी वाला बोर्ड भी, लेकिन जब बस ही नहीं आती तो कर्मचारी भी पूछताछ केंद्र में नहीं बैठते, वह खाली पड़ा रहता है।
अभी 20 से 25 बसें ही आती-जाती हैं। झकरकटी बस अड्डे का निर्माण शुरू होने पर उसे यहां शिफ्ट किया जाएगा। उसके बाद यहां से बसों का आवागमन बढ़ेगा। -महेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम