कानपुर में एसजीएसटी की टीमों ने प्लास्टिक और स्क्रैप कारोबारी के कलक्टरगंज स्थित तीन प्रतिष्ठानों पर 16 और 17 तारीख को छापा मारा। इसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां मिलीं। बाेगस फार्मों से खरीद-फरोख्त दिखाकर गलत तरीके से 2.72 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) क्लेम करने का खुलासा हुआ। घंटों चली कार्रवाई के बाद कारोबारी ने 50 लाख रुपये मौके पर ही जमा किए। यह कार्रवाई गहन डाटा एनालिसिस में सामने आए संदिग्ध लेनदेन के आधार पर की गई।
सूत्रों के अनुसार, जोन प्रथम के रेंज-बी के निर्देशन में प्लास्टिक कारोबारी फर्म के कलक्टरगंज के साथ ही तीन ठिकानों पर एक साथ एसजीएसटी ने छापा मारा। दस्तावेजों की जांच के बाद सामने आया कि संबंधित फर्म ने लगभग 2.72 करोड़ की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) ऐसी इनवर्ड सप्लाई के आधार पर क्लेम की जो बोगस फर्मों से प्राप्त दर्शाई गई थीं। इतना ही नहीं इन लेनदेन से जुड़ी पूर्ववर्ती फर्में भी निरस्त पाई गईं, जिससे पूरे नेटवर्क में सर्कुलर ट्रेडिंग की आशंका हुई।