छात्रा आर्या शुक्ला की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
रेलबाजार थाना क्षेत्र के नार्थ रेलवे कॉलोनी में शनिवार शाम कोचिंग जाने से मना करने पर मां की डांट से क्षुब्ध नौंवी की छात्रा आर्या शुक्ला (15) ने मोर्टिन लिक्विड पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन स्वरूपनगर स्थित निजी अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नार्थ रेलवे काॅलोनी निवासी शैलेंद्र शुक्ला रेलवे में सीनियर टेक्नीशियन के पद पर लोको में तैनात हैं। परिवार में पत्नी शैल शुक्ला, बेटा शाश्वत वहीं बेटी आर्या थी। रुंधे गले से पिता शैलेंद्र ने बताया कि आर्या कैंट क्षेत्र में स्थित केंद्रीय विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा थी। शाम करीब पांच बजे कोचिंग जाती थी। शनिवार शाम उसने कोचिंग जाने से मना किया तो पत्नी ने डांट दिया। इससे नाराज होकर अपने कमरे में गई और वहां रखी मोर्टिन लिक्विड पी लिया। काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आई तो वह देखने गए।
बेटी को बेहोश पड़ा देख उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रेलबाजार इंस्पेक्टर अमान सिंह ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर छानबीन की। मौके से खाली मोर्टिन लिक्विड की शीशी मिली है। प्रथम दृष्टया पूछताछ में मां के डांटने की बात सामने आई है।