शहर के चुन्नीगंज क्षेत्र में पिछले दिनों धंसे डॉट नाले की वजह से लगातार जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई थी। पानी के भारी दबाव के कारण पास ही स्थित बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूल की बाउंड्रीवॉल भी ढह गई।
एक अगस्त को धंसा था डॉट नाला, ढह गई थी स्कूल की दीवार
वार्ड-03 (चुन्नीगंज) के पार्षद इशरत अली ने बताया कि चुन्नीगंज चौकी के पीछे इमली के पेड़ के पास बीते एक अगस्त को डॉट नाला अचानक बैठ गया था। इसकी सूचना तुरंत नगर निगम जोन-4 के अधिकारियों को देकर मौके पर बैरिकेडिंग कराई गई थी और मरम्मत कार्य शुरू किया गया था। हालांकि, नाला धंसने के स्थान से ठीक पहले भारी जलभराव होने लगा। इसी जलभराव की वजह से करीब एक सप्ताह पहले पीछे स्थित प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवॉल ढह गई थी।
बिछेंगी नई सीवर और पेयजल लाइनें
निरीक्षण के दौरान महापौर ने जलकल विभाग की क्षतिग्रस्त सीवर और पेयजल लाइनों के स्थान पर तुरंत नई लाइनें डालने का आदेश दिया। इसके अलावा, पास में बने जर्जर सामुदायिक शौचालय को गिराकर नया बनाने और स्कूल की गिरी बाउंड्रीवॉल के कारण जाम हुई नाली से मलबा हटाकर तत्काल सफाई कराने की हिदायत दी। महापौर के कड़े रुख के बाद मौके पर मड पंप लगाकर जलभराव दूर किया गया और नाले की मरम्मत का काम रफ्तार पकड़ सका।
निरीक्षण में मौजूद रहे आला अधिकारी
महापौर के निरीक्षण के दौरान नगर निगम और जलकल विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। इनमें मुख्य अभियंता (सिविल) सैय्यद फरीद अख्तर जैदी, जलकल के महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी और जोन-4 जलकल के अधिशासी अभियंता नंद किशोर समेत अन्य संबंधित कर्मचारी शामिल रहे।