नवाबगंज थाना क्षेत्र के गीतानगर क्राॅसिंग के पास तेज रफ्तार स्कूल बस खड़े ऑटो से जा टकराई। ऑटो पलटने से चालक राजेश निषाद (38) की मौत हो गई। राहगीरों ने बस चालक को पकड़कर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। राजेश धनऊपुरवा के रहने वाले थे। उनके बहनोई कमलेश ने बताया कि सोमवार सुबह राजेश ऑटो लेकर गए थे। गीतानगर क्राॅसिंग पर ऑटो में बैठकर सवारियों का इंतजार कर रहे थे।
पीछे से आई तेज रफ्तार स्कूल बस ने ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो क्षतिग्रस्त होकर पलट गया। सिर व शरीर पर गंभीर चोट आने से उनकी मौत हो गई। वहीं, राहगीरों ने बस चालक को पीटने के बाद पुलिस के हवाले किया। नवाबगंज थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एक अन्य सड़क हादसे में प्लंबर की मौत हो गई। मकसूदाबाद, टिकरा निवासी उदय के बेटे विनय ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम वह पिता के साथ पनकी रतनपुर गया था। लौटते समय पिता सड़क पार कर रहे थे तभी अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।