कानपुर में लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए परिवहन विभाग की ऑनलाइन परीक्षा में आवेदकों को सभी 15 सवालों के जवाब देने की जरूरत नहीं है। मौजूदा व्यवस्था में नौ सवालों के सही जवाब मिलते ही आवेदन खुद ही अप्रूव हो जाता है, जबकि सात सवालों के गलत जवाब देने पर रिजेक्ट हो जाता है। ऐसे में परीक्षा पूरी होने से पहले ही परिणाम तय हो जाता है। परीक्षा में ट्रैफिक सिग्नल, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाते हैं।
परिवहन विभाग की मौजूदा व्यवस्था के तहत लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस की ऑनलाइन परीक्षा में 15 वैकल्पिक सवाल पूछे जाते हैं। इसमें पास होने के लिए 60 फीसदी अंक हासिल करना अनिवार्य है। इस हिसाब से 15 में से नौ सवालों के सही जवाब देने पर निर्धारित अंक पूरे हो जाते हैं। इसके बाद सिस्टम आवेदन को स्वत: स्वीकृत कर देता है और आवेदक को बाकी सवाल दिखाई नहीं देते। यानी शुरुआती सवालों के जवाब सही होने पर ही परीक्षा पूरी हो जाती है।