अर्मापुर एस्टेट में रविवार दिनदहाड़े चोरों ने फील्ड गन फैक्ट्री के टेक्नीशियन के बंद घर का ताला तोड़कर गहने व 90 हजार की नकदी समेत करीब 12 लाख का माल पार कर दिया। छोटे भाई के घर लौटने पर वारदात का पता चला। पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
अर्मापुर एस्टेट निवासी अरुण शर्मा फील्ड गन फैक्ट्री में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। अरुण ने बताया कि रविवार को वह अपनी पत्नी पूनम, छोटे भाई अभिषेक और बहन प्रीति शर्मा के साथ बर्रा के शास्त्री चौक स्थित अपने बहनोई सुरेंद्र शर्मा के घर मिलने गए थे। छोटे भाई अभिषेक को शाम को एक शादी समारोह में शामिल होना था इसलिए वह दोपहर करीब 3:30 बजे अकेले ही घर लौट आया। घर पहुंचने पर अभिषेक ने मुख्य गेट का ताला टूटा पाया।
पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे। इस पर बड़े भाई अरुण को फोन कर घटना की सूचना दी। अरुण ने सामान चेक किया तो 12 लाख की चोरी का पता चला। पीड़ित की सूचना पर अर्मापुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की। कार्यवाहक थाना प्रभारी विनीत कुमार ने बताया कि चोरी का खुलासा करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं।