मेडिकल कॉलेज पुल के कैंटिलीवर प्लेटफॉर्म पर रविवार शाम कूड़े में आग लग गई। आग की लपटों के साथ इतना घना धुआं उठा कि कुछ मिनट के लिए पुल से गुजर रहे वाहन सवार भी रुक गए। धुएं के बीच आगे बढ़ने पर वाहनों के टकराने का खतरा देख राहगीरों ने एहतियातन अपने वाहन रोक दिए। आग ने प्लेटफॉर्म पर पड़ी कई केबलें भी चपेट में ले लीं। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों की मदद से बाल्टियों में पानी डालकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई। किसी राहगीर के जलती बीड़ी या सिगरेट फेंकने से आग की आशंका है।
विज्ञापन
रविवार शाम करीब 4:30 बजे अचानक लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते धुएं का गुबार फैल गया। पुल से गुजर रहे राहगीर और वाहन सवार कुछ देर के लिए ठिठक गए। पुल के नीचे फल के ठेले लगाने वाले दुकानदारों ने हैलट चौकी और काकादेव थाने के पुलिसकर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दो पुलिसकर्मियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दुकानदारों ने भी मदद की। करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम में आग लगने की कोई सूचना नहीं आई है।