कानपुर में बिधनू के रमईपुर कस्बे में मंगलवार रात हुई रिमझिम के दौरान कच्चे मकान की छत गिर गई। इसमें दबकर छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। वहीं, उसकी बड़ी बहन घायल हो गई। रमईपुर निवासी प्रमोद कुरील उर्फ अजय मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी पूजा दो बेटे अंशू (20) व प्रांशू (15), तीन बेटियां अंकिता (18) प्रांशी और पीहू(6) हैं। बड़ा बेटा अंशू शहर में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है।
पिता प्रमोद के मुताबिक मंगलवार रात खाना खाने के बाद पत्नी पूजा छप्पर के नीचे सो रही थी। वह तीनों बेटियां और बेटे प्रांशू के साथ पिछले हिस्से के कमरे में सो रहा था। देर रात ढाई बजे के करीब रिमझिम बारिश के दौरान बेटा प्रांशू लघुशंका के उठा। उसी बीच वह भी कमरे से बाहर आ गया। इसी बीच कमरे की कच्ची छत भरभरा कर अचानक गिर गई। बेटी अंकिता किनारे की तरफ सो रही थी।