कानपुर के बेनाझाबर क्षेत्र में बुधवार सुबह नौ बजे पत्नी को ड्यूटी पर छोड़कर पैदल लौट रहे सत्यनारायण (62) को बाइक ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने निजी अस्पताल में प्राथमिक इलाज कराया और रिक्शा कराकर बुजुर्ग को घर भेज दिया। थोड़ी दूर जाने के बाद रिक्शे में सत्यनारायण की मौत हो गई।
रिक्शा चालक एएनडी कॉलेज वाली गली में शव फेंककर भाग निकला। बजरिया के ईदगाह निवासी सत्यनारायण फर्नीचर कारीगर थे। परिवार में पत्नी कलावती बच्चे दीपक, अमित व रानी हैं। थाना प्रभारी कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि हर्षनगर पेट्रोल पंप के पास लगे सीसीटीवी फुटेज देखे गए तो पता चला कि बाइक सवार ने सत्यनारायण को टक्कर मारी और भाग निकला।
पीछे से आए कार सवार युवकों ने उन्हें पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद कार सवारों ने रिक्शा किया और चालक को पैसे देकर सत्यनारायण को घर छोड़ने के लिए कहा। थाना प्रभारी के अनुसार रास्ते में बुजुर्ग के दम तोड़ने पर चालक उन्हें एएनडी कॉलेज वाली गली में सड़क किनारे फेंककर चला गया।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इधर, सत्यनारायण को खोजते हुए परिजन दोपहर 12 बजे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो उन्हें घटना का पता चला। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।