कानपुर। कानपुर रेड की टीम चतुर्थ डॉ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में उन्नाव क्रिकेट एसोसिएशन को 116 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर गई है। मैच की जीत में बबीता ने शानदार बल्लेबाजी और एकता ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। दूसरे लीग कम नाॅक आउट मैच में सहारनपुर क्रिकेट एसोसिएशन ने कानपुर ब्लू को पांच विकेट से मात दी।
केसीए की ओर से की टाटमिल के लोको मैदान पर खेले गए मुकाबले में कानपुर रेड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में तीन विकेट पर 200 रन बनाए। बबीता यादव ने 74, तृप्ति सिंह ने 45, शिबू सिंह पाल ने नाबाद 30 और एकता सिंह ने 24 रन का योगदान दिया। प्रतिभा भारती और ज्योति यादव ने एक-एक विकेट लिया। निर्धारित रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्नाव क्रिकेट एसोसिएशन की टीम 31.5 ओवर में 84 रन पर सिमट गई। बीएस पटेल ने नाबाद 31 और आस्था वर्मा ने 13 रन बनाए। एकता सिंह और नंदनी सिंह ने तीन-तीन विकेट लिए। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए एकता सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार उन्नाव क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पीके मिश्रा ने दिया।
दूसरा मैच किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ मैदान पर खेला गया। कानपुर ब्लू ने 35 ओवर में आठ विकेट पर 185 का स्कोर बनाया। सिमरन भाटी ने 55, प्रियांशी सिंह ने 51 और अंजलि रावत ने 36 रन की पारी खेली। सहारनपुर की ओर से निधि केसला, दिशा शर्मा और मानसी राणा ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में सहारनपुर क्रिकेट एसोसिएशन ने 32.1 ओवर में पांच विकेट जीत दर्ज की। दिशा शर्मा ने नाबाद 83 रनों की पारी खेली। नमिता तोमर ने 53 और निशू चौधरी ने 25 रन का योगदान दिया। कानपुर ब्लू की ओर से सौम्या पाल और सिम्मी थापा ने दो-दो विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन के लिए दिशा शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच राजेश मिश्रा ने प्रदान किया।