यूपीः कानपुर पॉलीटेक्निक के दीक्षांत समारोह में राज्यमंत्री ने युवाओं को दी ये बड़ी सलाह
Thu, 04 Oct 2018 07:59 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
सार
- डिप्लोमा के साथ मिला मेडल, खिल उठे चेहरे
- आयुषी त्रिपाठी और स्वप्निल त्रिपाठी को मिला बेस्ट एकेडमिक परफॉरमर ऑफ दि ईयर का अवॉर्ड
- राज्यमंत्री सिंह बोले, आगे बढ़ने के लिए तकनीकी तौर पर होना होगा हुनरमंद
कानपुर राजकीय पॉलीटेक्निक, जीटी रोड में गुरुवार को दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के बेसिक, माध्यमिक, उच्च, प्राविधिक व चिकित्सा शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और विशिष्ट अतिथि के तौर पर विधायक नीलिमा कटियार शमिल हुई। दोनों ने विभिन्न ब्रांच के कुल 45 छात्र-छात्राओं को डिप्लोमा के साथ स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक से भी सम्मानित किया। इंजीनियरिंग ग्रुप में सर्वाधिक 83.1 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की छात्रा आयुषी त्रिपाठी को बेस्ट एकेडमिक परफॉर्मर ऑफ दि ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। नॉन-इंजीनियरिंग ग्रुप में पीजीडी-डब्ल्यूडी में सर्वाधिक 85 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली छात्रा स्वप्निल त्रिपाठी बेस्ट एकेडमिक परफॉरमर ऑफ दि ईयर मिला। इसके अलावा करीब 864 छात्रों को डिप्लोमा प्रदान की गई। भव्य समारोह के बीच राज्यमंत्री संदीप सिंह ने छात्रों को सफलता का टिप्स दिया। बोले, आज बगैर तकनीक के कोई भी आगे नहीं बढ़ सकता है।
विज्ञापन
हमेशा बड़ी सोच रखनी चाहिए
राजकीय पॉलिटेक्निक में हुआ दूसरा दीक्षांत समारोह, 864 छात्र-छात्राओं को दिए गए डिप्लोमा
तकनीकी शिक्षा हासिल करने वाले हुनरमंद की हर जगह पूछ है। विशिष्ट अतिथि विधायक नीलिमा कटियार ने छात्रों को उद्यमिता की ओर बढ़ने के लिए कहा। बोलीं, आपके पास हुनर होगा तो आपको नौकरी तो मिल जाएगी लेकिन हमेशा बड़ी सोच रखनी चाहिए। कटियार ने कहा कि रोजगार हासिल करने की बजाय रोजगार देने वाला बनना चाहिए। पीएम नरेंद्र मोदी की स्टार्टअप योजनाओं का जिक्र करते हुए छात्रों को इससे जुड़ने के लिए कहा। समारोह में एमएलसी अरुण पाठक, ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) के क्षेत्रीय अधिकारी मनोज तिवारी, शोध, विकास एवं प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक मनोज कुमार, प्राविधिक शिक्षा निदेशालय के वित्त नियंत्रक विमल कुमार, प्राविधिक शिक्षा निदेशालय के उप निदेशक डीडी सिंह, अप्रेंटिस बोर्ड के निदेशक सुनील कुमार मेहता, प्रवीण राज सिंह, अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. आरपी यादव, निदेशक टीटीआरसी राजीव द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सेल की हुई स्थापना
आयुषी और स्वप्निल को मिला बेस्ट एकेडमिक परफॉरमर ऑफ दि ईयर का अवॉर्ड
प्रिंसिपल आरके सिंह ने दीक्षांत समारोह में संस्थान की प्रगति रिपोर्ट का अध्ययन किया। बताया कि छात्रों को उद्यमिता के क्षेत्र में बढ़ाने के लिए संस्थान में उद्यमिता सेल की स्थापना हुई है। इसमें छात्र-छात्राओं को उद्यमिता के बारे में बताया जाता है। इसके अलावा अब स्मार्ट क्लास की शुरूआत भी हो चुकी है। प्रिंसिपल ने समारोह में राज्यमंत्री को इस साल से बंद हुई शाम की शिफ्ट की जानकारी भी दी।
लड़कों आप पहचानें अपनी क्षमता
राजकीय पॉलिटेक्निक, जीटी रोड में गुरुवार को दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ
समारोह में कुल 45 पदक दिए गए जिसमें सर्वाधिक 29 पदक पर बेटियों ने बाजी मार ली। राज्यमंत्री संदीप सिंह ने इस बात का जिक्र करते हुए कहा कि बेटियों का जलवा मेडल पाने में कायम है। उन्होंने लड़कों को कहा कि आपमें भी क्षमता है मेडल पाने की। आप अपनी क्षमता की पहचान करें और आगे बढ़ने की कोशिश करें।
दीक्षांत समारोह में राज्यमंत्री संदीप सिंह ने डिप्लोमा के साथ-साथ कैंपस प्लेसमेंट में नौकरी पा चुके 35 छात्र-छात्राओं को ऑफर लेटर भी दिया। प्लेसमेंट एंड ट्रेनिंग सेल के प्रभारी डॉ. एसपी सोनी ने बताया कि इस सत्र के कुल 478 छात्र-छात्राओं की नौकरी लग चुकी है। ज्यादातर छात्र-छात्राओं ने नौकरी भी ज्वाइन कर ली है।