फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जलभराव से तबाही: दो घंटे की बारिश ने उजाड़े आशियाने, लोग बोले- कमर तक भरा पानी, फिर ढहन लगे मकान, देखें Photos

Wed, 29 Jul 2026 08:34 AM IST
Himanshu Awasthi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur House Collapse Accident: जाजमऊ स्थित रैदास विहार नई बस्ती में मूसलाधार बारिश के दौरान नाला चोक होने से ओवरफ्लो हुआ गंदा पानी घरों में घुस गया, जिससे 12 मकान जमींदोज हो गए और सात लोग घायल हो गए। इस भीषण जलभराव और हादसे के बाद पीड़ित परिवारों के सामने सिर छिपाने और भोजन का संकट खड़ा हो गया है।
विज्ञापन
1 of 10
Kanpur Waterlogging Accident - फोटो : amar ujala
कानपुर में जाजमऊ की रैदास विहार नई बस्ती में मंगलवार रात हुए हादसे की मुख्य वजह नाले का चोक होना है। नाले से पानी इतनी तेजी से ओवरफ्लो हुआ कि किसी को कुछ करने का मौका ही नहीं मिला। देखते-देखते पानी कमर तक पहुंचा और शुरू हो गया मकानों के ढहने का सिलसिला। हादसे में 12 मकान जमींदोज हुए हैं। दूसरी ओर नगर निगम इसे जल निगम का डॉट नाला बता रहा है तो जल निगम के अधिकारी अपना नाला मानने से इन्कार करते रहे।
विज्ञापन

2 of 10
Kanpur Waterlogging Accident - फोटो : amar ujala
केडीए की जमीन पर बसी है बस्ती
रैदास विहार नई बस्ती, केडीए की जमीन पर बसी है। यहां 100 से अधिक कच्चे-पक्के मकान हैं। बस्ती से जल निगम का एक पुराना डॉट नाला गया है जो आगे जाकर बस्ती के पीछे नगर निगम के बड़े सरैया नाले में जाकर मिलता है। इलाकाई लोगों ने बताया कि इस बार दोनों ही नालों की सफाई नहीं कराई गई, जिससे वे चोक थे। मंगलवार को दो से तीन घंटे की बारिश में नालों का पानी आगे नहीं बढ़ा और ओवरफ्लो होकर बस्ती में भरता चला गया। घुटने तक भरे पानी से लोग बाहर निकलने लगे तभी कच्चे मकानों की दीवारें व मिट्टी ढहने लगी।
विज्ञापन

3 of 10
Kanpur Waterlogging Accident - फोटो : amar ujala
नालों में तेजी से पानी आया तो नहीं हो सकी निकासी
नगर निगम जोन-2 के अधिशासी अभियंता दिवाकर भास्कर ने बताया कि बस्ती में जल निगम का डॉट नाला है। सरैया नाला चल रहा है. लेकिन लाइन में अवैध बस्ती होने से अचानक तेजी से पानी आया तो निकासी एकसाथ नहीं हो सकी। इससे बस्ती में पानी भरा और एक-दो मकान के छप्पर व टिनशेड गिर गए। कोई हताहत नहीं हुआ है, मौके पर बैरिकेडिंग करा दी गई है।

4 of 10
Kanpur Waterlogging Accident - फोटो : amar ujala
शेल्टर होम पहुंचाए गए पीड़ित
पीड़ित परिवारों को पास के शेल्टर होम में रखवाया गया है और उनके भोजन की व्यवस्था भी कराई गई है। पंप लगवाकर रात भर बस्ती से पानी निकलवाया जाएगा। उधर, जल निगम के अवर अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि नाला उनका नहीं है, फिर भी बुधवार को टीम भेज कर उसे दिखवाया जाएगा।
विज्ञापन

5 of 10
Kanpur Waterlogging Accident - फोटो : amar ujala
25 मकान जद में, 12 ढहे, गृहस्थी बर्बाद
हादसे में बस्ती के 25 मकान जद में आए हैं जिनमें से 12 ढह गए। कई में दरारें भी आई हैं। बस्ती की सभी गलियों में पानी भरने से नसीमा, फातिमा, पप्पू पाल, छोटे लाल, राष्ट्रपति, मो. शेख, मो. नजीर, खुर्शीदा सईद, विनोद, जीशान के घरों में पानी भर गया और पूरी गृहस्थी का सामान व राशन भी बर्बाद हो गया। पीड़ितों ने बताया कि गनीमत रही कि हादसा देर रात नहीं हुआ, नहीं तो अधिक नुकसान हो सकता था।
विज्ञापन

6 of 10
Kanpur Waterlogging Accident - फोटो : amar ujala
जानकारी दी, पर पार्षद ने नहीं कराई नाला सफाई
बस्ती के लोगों में क्षेत्रीय पार्षद की कार्यशैली पर आक्रोश है। पीड़ित परिवारों ने बताया कि बारिश से पहले ही नाले चोक थे। इसकी जानकारी पार्षद नूरेन अहमद टारजन को कई बार दी लेकिन उन्होंने नालों की सफाई नहीं कराई। और तो और, हादसे के बाद मौके पर झांकने तक नहीं आए। आक्रोशित लोगों ने पार्षद को लेकर खासी नाराजगी जताई।
विज्ञापन

7 of 10
Kanpur Waterlogging Accident - फोटो : amar ujala
टूट गए थे तार, करंट की आशंका में काटी बिजली
घटना के बाद बिजली के कई तार टूट कर गिरे। पानी में तार गिरने से करंट उतरने की आशंका पर क्षेत्र की लाइट काट दी गई। इससे पूरी बस्ती व आसपास का इलाका अंधेरे में डूब गया और राहत कार्य में दिक्कत आई। लोग बस्ती में भरे पानी में भटकते रहे। बस्ती के निवासियों ने बताया कि एक पल ऐसा लगा कि जैसे भूकंप आया हो।

8 of 10
Kanpur Waterlogging Accident - फोटो : amar ujala
सूची तैयार करा रहे सपा विधायक
सपा विधायक हसन रूमी ने बताया कि लगातार दो घंटे की तेज बारिश से पानी निकासी की समस्या हुई और बस्ती में पानी भर गया। इससे जमीन की मिट्टी धंसती गई और मकान क्षतिग्रस्त हो गए। जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनकी सूची तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। इसके बाद नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों की समस्याओं को जिलाधिकारी तक पहुंचाया जाएगा।

9 of 10
Kanpur Waterlogging Accident - फोटो : amar ujala
गृहस्थी पर फिरा पानी, भोजन और रात बिताने की चुनौती
बस्ती में अचानक पानी घुसने से जिनके मकान ढहे, उनका तो सब कुछ उजड़ ही गया लेकिन अन्य घरों में पानी घुसने से उनकी भी गृहस्थी डूब गई। अचानक आई इस आपदा के बाद लोगों के सामने भोजन और सिर छुपाने की गंभीर चुनौती पैदा हो गई। छोटे-छोटे बच्चे भूख से बिलबिला गए। बस्ती में कई ऐसे बच्चे हैं, जिनकी उम्र 10 वर्ष से कम है। सूचना पर कैंट विधायक हसन रूमी, बसपा नेता मोहम्मद ताबिश सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। नेताओं ने बस्ती के लोगों को ढांढस बंधाया।
विज्ञापन

10 of 10
Kanpur Waterlogging Accident - फोटो : amar ujala

शाम को अचानक बस्ती में पानी घुसने लगा, जबतक लोग समझ पाते तब तक कमर के नीचे तक पानी आ गया। पूरी गृहस्थी खराब हो गई है, घर भी चला गया, आगे क्या होगा कुछ समझ में नहीं आ रहा। 
-उमैरा

 

नाले के ऊपर अतिक्रमण था, सफाई भी नहीं कराई गई, यही कारण रहा कि पूरी बस्ती में पानी घुस गया, समय रहते जाग जाते तो ये हादसा न होता।  -गुड़िया

 

घटना के बाद सभी विभागों के लोग पहुंचे। इससे पहले कई बार शिकायत की गई थी कि नाला चोक हो गया है, सफाई कराई जाए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।  -तनीषा

 

पहले इससे ज्यादा बारिश हुई है लेकिन ऐसी घटना नहीं हुई। मंगलवार को दो घंटे की बारिश ने सभी को बेघर कर दिया, ये घटना कभी नहीं भूलेगी। अब सिर ढकने की चुनौती आ खड़ी हुई है।  -उशना

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें