प्रतापगढ़ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने युवक के आत्महत्या के मामले में सचेंडी के चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। जबकि उनके फरार चार अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पकड़े गए आरोपी क्राइम ब्रांच व पुलिस अधिकारी बनकर युवक को फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी देकर रुपये वसूल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से फर्जी क्राइम ब्रांच आईडी कार्ड, कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए।
फतनपुर थानाक्षेत्र के सुवंसा गांव निवासी ज्ञानदास ने बीते 30 जनवरी को फंदे से लटक कर जान दे दी थी। उनका शव गांव के बाहर नीम के पेड पर लटका हुआ मिला था। पुलिस ने मामले में मृतक के भाई प्रेमदास ने फतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था। आरोप था कि घटना वाले दिन उनके भाई के मोबाइल पर 13 कॉल आई थी। वहीं छह मिस काॅल पड़ी थी। भाई ने कई खातों में रुपये ट्रांसफर किए। इसकी जानकारी उन्हें बाद में हुई थी। ज्ञानदास के मोबाइल पर काॅल करने वाले उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे। जिसकी वजह से उन्होंने घर के जेवरात भी गिरवी रख दिए थे।
सचेंडी इंस्पेक्टर दिनेश विष्ट ने बताया कि प्रतापगढ़ एसओजी और फतनपुर की पुलिस आई थी। अपने साथ शिवा सिंह उर्फ बंगाली, रोहित प्रजापति, अभिमत सिंह चौहान और वीर प्रताप सिंह को ले गई। मृतक के मोबाइल में भीमसेन निवासी रोहित प्रजापति का नंबर आया, जिसके आधार पर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रतापगढ़ पुलिस ने आरोपियों के संबंध में बताया कि गिरोह के सदस्य लोगों को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वसूली कर रहे थे।
पुलिस कर्मियों को घेरा, किया था हंगामा
पुलिस के आरोपियों के पकड़ने पर रविवार को परिजनों ने हंमागा किया था। पुलिसकर्मियों की घेर लिया था, जिस पर सचेंडी थाने का अतिरिक्त फोर्स बुलाना पड़ा था। परिजनों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ अपहरण करने की शिकायत करते हुए डायल 112 पर काल की थी।