बादलों और बूंदाबांदी के बीच शनिवार को महानगर के अधिकांश स्थानों पर प्रदूषण की स्थिति ठीक नहीं रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और स्मार्ट सिटी के तहत जगह-जगह लगाए गए प्रदूषण मापक सेंसर से मिली रिपोर्ट के अनुसार कानपुर के सात स्थानों पर प्रदूषण की मात्रा 300 एक्यूआई से ऊपर रिकार्ड की गई।
बाकी जगहों पर भी प्रदूषण सामान्य से कई गुना अधिक रहा। प्रदूषण की सामान्य स्थिति 0-50 एक्यूआई तक निर्धारित की गई है। आमतौर पर बारिश या बूंदाबांदी होने की स्थिति में प्रदूषण की मात्रा में कमी आती है लेकिन लगातार धुंध और बादल बने रहने से प्रदूषण घटने के बजाए बढ़ गया।
घने बादल और धुंध होने की वजह से धूल और धुएं के प्रदूषित कण जमीन से ऊपर जाकर एक परत के रूप में जमा होते जा रहे हैं। धूप और तेज हवा होने से प्रदूषित कण आपस में चिपकने के बजाय बिखर जाते हैं, जिससे वातावरण बेहतर रहता है।