नौबस्ता के राजीवविहार में पुलिस ने सोमवार को एक मकान में छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखे, दईमार, लहसुन बम सहित अन्य सामग्री जब्त की। पुलिस ने आरोपी मकान मालिक श्याम नारायण तिवारी उर्फ श्यामू को गिरफ्तार कर लिया। उसने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर रखा था। आरोपी पर वर्ष 2000 में विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई हो चुकी है जिसमें जेल गया था।
नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि मकान नंबर-नौ में छापा मारा गया। भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण मिला। पुलिस को मौके से क्रैकलिंग वार 12 शाॅट, पेंटा प्लस सिंगल शाॅट, फ्लावर पाट्स, कलर कोटी अनार और सुप्रीम ट्राई कलर फाउंटेन समेत विभिन्न प्रकार के पटाखे मिले। कमरे में तख्त के नीचे प्लास्टिक के अलग-अलग टब में 450 लहसुन, दईमार बम मिले। पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी श्यामू पर पहले भी विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, पूर्व में बम बनाने के दौरान हुए हादसे में वह अपना बायां हाथ भी गंवा चुका है।