कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के सौदागरों और ड्रग माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई की है। पुलिस ने 'ऑपरेशन दहन' के तहत एक साथ 183 मुकदमों में मालखानों में जब्त कर रखे गए 270.077 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। इस भारी-भरकम खेप को शहर के भैरव घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह की भट्टी में झोंककर विधिक प्रक्रिया के तहत स्वाहा किया गया।
कमिश्नर के निर्देश पर इन थानों का माल हुआ नष्ट
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के कड़े रुख और सख्त निर्देश पर इस महा-अभियान को अंजाम देने के लिए एक उच्चस्तरीय 'ड्रग डिस्पोजल कमिटी' का गठन किया गया था। इस कमेटी की सीधी निगरानी में कानपुर के दस बड़े थानों के मालखानों की सफाई की गई। जिन थानों के मुकदमों से जुड़े नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया, उनमें थाना सजेती, कोतवाली, नवाबगंज, नजीराबाद, चौबेपुर, बिधनू, बाबूपुरवा, बजरिया, अर्मापुर और जूही थाना शामिल हैं।
सजेती थाने से बरामद हुआ था 210 किलो गांजा
इस पूरी कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाले आंकड़े थाना सजेती क्षेत्र से सामने आए हैं। नष्ट किए गए कुल मादक पदार्थों में से सबसे बड़ी खेप यानी अकेले 210.760 किलोग्राम गांजा सजेती पुलिस द्वारा अलग-अलग मुकदमों में तस्करों से बरामद किया गया था।