कानपुर में किदवई नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और एक अंतरराज्यीय केबल चोर गिरोह के फरार सदस्यों के बीच शुक्रवार सुबह मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक शातिर बदमाश लाला उर्फ शमशेर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। बता दें कि दो दिन पूर्व ही पुलिस ने बीएसएनएल और टेलीफोन की लैंडलाइन केबल चोरी के आरोप में गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश गिरोह के फरार सदस्य थे और वे नई वारदात की रेकी कर रहे थे। चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश लाला उर्फ शमशेर के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से बदमाश के पास से एक तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।