अमर उजाला फाउंडेशन के पौधरोपण अभियान की बुधवार को बेसिक शिक्षा व वन विभाग के सहयोग से शुरुआत हुई। इसके तहत मल्टीस्टोरी स्कूल सजारी सनिगवां में 11 फलदार और छायादार पौधे रोपे गए। संकल्प लिया गया कि प्राथमिक स्कूल के शिक्षक व पढ़ने वाले बच्चे इन पौधों को सुरक्षित रखेंगे।
इस मौके पर जिले के 2200 से अधिक प्राथमिक विद्यालयों में भी पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। जिला वन अधिकारी अरविंद यादव, एसीएम टू अमित सिंह राठौर, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पवन कुमार तिवारी ने आम, पाकड़, जामुन आदि के पौधे लगाए।
इससे पूर्व स्कूल की प्रधानाचार्य निहारिका सिंह ने गुलदस्ता भेंटकर सभी अतिथियों का स्वागत किया। खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र ने अधिकारियों को बताया कि इस स्कूल में कक्षा 1 से 8 तक के 500 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। इन को शिक्षा देने की जिम्मेदारी श्रीकांत अवस्थी व रंजना श्रीवास्तव की है।
बिना पेड़ों के जीवन नहीं है। जिस तरह बिना मास्क के कोरोना का खतरा है, वैसे ही यदि हम पौधे नहीं लगाएंगे तो वे दिन दूर नहीं जब लोगों को पीठ पर ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर चलना पड़ेगा। इसलिए पौधे लगाएं और इनका संरक्षण भी करें।
डॉ. पवन कुमार तिवारी, बीएसए
कोरोना ने बता दिया कि प्रकृति के खिलाफ नहीं चलना है। हम सभी को पौधरोपण के लिए गंभीरता से सोचना चाहिए। पौधे लगाने से ज्यादा जरूरी इनकी सुरक्षा है। हम सभी को आसपास के लोगों को भी पौधरोपण के लिए जागरूक करना चाहिए।
अमित सिंह राठौर, एसीएम-2
पौधे लगाने से अधिक ध्यान इनकी सुरक्षा पर देना होगा। यदि हम सभी संकल्प लें कि पांच पौधे लगाएंगे और इनमें से तीन-चार को सुरक्षित रखेंगे, तो एक दिन ऐसा आएगा जब पूरा शहर हराभरा हो जाएगा। छायादार व फलदार पौधों को प्राथमिकता देना चाहिए। पौधरोपण के लिए बच्चों को विशेष तौर पर जागरूक करना होगा।
अरविंद यादव, जिला वन अधिकारी