टूटे डॉट नाले में लगने लगे पाइप
- फोटो : अमर उजाला
जल निगम ने वीआईपी रोड में टूटे डॉट नाले में गुरुवार को पाइप बिछाना शुरू कर दिया। मरम्मत कार्य 11 अक्तूबर को पूरा होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद इस रोड में कंपनीबाग चौराहे से रावतपुर स्टेशन के बीच वाहनों का आवागमन शुरू किया जाएगा। वीआईपी रोड में सीएसए के पास अंग्रेजों के जमाने का डॉट नाला क्षतिग्रस्त होने से सीएसए और जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में छह महीने से गंदा पानी भर रहा है।
इस समस्या से निजात दिलाने के लिए जल निगम ने छह अक्तूबर को टूटे नाले की मरम्मत के लिए खोदाई शुरू कराई। दिन-रात काम कराया जा रहा है पर नाले में पानी का बहाव तेज होने और आसपास की मिट्टी धंसकने की वजह से इस कार्य में रुकावट आ रही है। जल निगम के अवर अभियंता अनुराग सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त डॉट नाले में पाइप बिछाना शुरू कर दिया है। 10 अक्तूबर तक पाइप बिछवाने के साथ ही 11 अक्तूबर तक इनके दोनों तरफ चैंबर बनाने की कोशिश की जा रही है। ऐसा होते ही वीआईपी रोड पर वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया जाएगा।