कूड़ा निस्तारण प्लांट से उठता रहा जहरीला धुंआ
- फोटो : अमर उजाला
पनकी भव सिंह स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट के कूड़े में आग लगने के 11वें दिन रविवार को भी जहरीला धुंआ निकलता रहा। इससे आसपास के हजारों ग्रामीणों का सांस लेना दूभर हो गया है। सांस रोगियों की मुसीबत बढ़ गई है। नगर निगम 10 पंपों से सुलग रहे कूड़े में पानी डाल रहा है।
प्लांट से निकलने वाले धुआं के कारण बदुआपुर, पनकी कटरा, कला का पुरवा सहित आसपास के गांवों और प्लांट से सटे कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को जहरीला धुंआ रात तक छाया रहा। आसपास के गांवों के हजारों लोग इस धुआं की चपेट में हैं। लोगों को सांस लेने में भारी तकलीफ हो रही है। बच्चों और बुजुर्गों की स्वास्थ्य ज्यादा चिंताजनक है। कटरा निवासी मनीष, बदुआपुर के रोहित राजपूत, आकाश राजपूत, विशाल आदि ने बताया है कि रात में सोना मुश्किल हो गया है।
उधर, कूड़ा निस्तारण प्लांट के प्रभारी अभियंता कमलेश पटेल ने बताया कि प्लांट में आठ पंपों से आग बुझाई जा रही थी। रविवार को दो पंप और बढ़ा दिए गए हैं। चार पंप पांडु नदी की तरफ भी लगाए गए हैं। कूड़े पर मिट्टी भी डाली जा रही है। आग पर 90 प्रतिशत नियंत्रण कर लिया गया है। शेष 10 फीसदी भी रात में नियंत्रित होने के आसार हैं।
पुलिस ने बोरियां जलाना बंद कराया
कूड़ा निस्तारण प्लांट के पीछे कला का पुरवा गांव में कुछ लोग पुरानी बोरियां जलाते थे। उनसे भी जहरीला धुंआ निकलता था। रविवार को पनकी पुलिस ने वहां बोरियां जलाना बंद करा दिया। इससे ग्रामीणों को कुछ राहत मिली।