कानपुर के नरवल थाना क्षेत्र में शिशुपुर नौगवा बाजार में खुलने वाले देशी शराब ठेके को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब की दुकान थोक पोहार गांव को आवंटित हुई है, लेकिन दुकान को नौगवा बाजार में चलवाया जा रहा है। इस पर ग्रामीणों ने कोई ऐतराज नहीं किया, लेकिन अब ठेका संचालक द्वारा शराब की दुकान को प्राथमिक, जूनियर विद्यालय, अस्पताल, मंदिर और लाइब्रेरी के मध्य खोलना चाह रहे है।
इससे आम जनमानस को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। वहीं, बाजार के व्यापारियों ने कहा कि शराब ठेके के आने से स्थितियां विपरीत हो जाएंगी। सरकारी नियमों के मुताबिक स्कूल, मंदिर आदि से लगभग 200 मीटर की दूरी पर ही शराब की दुकान खुल सकती है। यहां पर मात्र 50 मीटर की दूरी में ही सभी स्थल आते है। इसके बावजूद ठेका संचालक मनमानी करने में उतारू है। इसको लेकर लोगों ने विरोध किया है और उच्चाधिकारियों से ठेका हटाने की मांग की है।