कानपुर में दो पहिया वाहनों पर दोनों सवारियों का हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। नियम लागू होने के पहले ही दिन लोगों पर इसका 10 प्रतिशत असर ही सड़कों पर देखने को मिला।
कानपुर में दो पहिया वाहनों पर दोनों सवारियों के हेलमेट की अनिवार्यता का 10 प्रतिशत असर सड़कों पर देखने को मिला। वहीं, यातायात पुलिस ने दोनों के हेलमेट न लगाने वाले वाहन सवारों के चालान भी किए। अधिकारियों का कहना है कि पहले दिन की वजह से नरमी बरती गई। आगे सख्ती की जाएगी।
विज्ञापन
गुरुवार से लागू इस आदेश का सड़कों पर कुछ खास असर देखने को नहीं मिला। हेलमेट की अनिवार्यता को दरकिनार कर वाहन सवार सड़कों पर फर्राटा भरते नजर आए। सड़कों से गुजरने वाले 100 दो पहिया वाहनों में 10 प्रतिशत ही ऐसे थे, जिन पर सवार दोनों लोग हेलमेट लगाए थे। सीओ ट्रैफिक शिवा सिंह ने बताया कि लोगों को जागरूक करना उद्देश्य है। इसलिए बहुत सख्ती नहीं की गई है।
जनवरी से अप्रैल तक के आंकड़ों पर नजर
- बिना हेलमेट 88,200 वाहन सवारों के चालान किए गए।
- 338 सड़क हादसों में 257 लोगों ने जान गंवाई, 260 लोग घायल हुए।
- यातायात नियमों को तोड़ने वालों से 1.5 करोड़ से अधिक जुर्माना वसूला गया।