दंपती बच्ची को लेकर सीपी कार्यालय पहुंचे
वहीं, किशोर के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्जकर जांच की जा रही है। श्यामनगर निवासी दंपती ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे के आसपास उनके (पिता के) मोबाइल पर उन्हीं की बेटी का पुनर्वास केंद्र के एक मानसिक बीमार बच्चे के साथ अश्लील वीडियो आया। शुक्रवार दोपहर दंपती बच्ची को लेकर सीपी कार्यालय पहुंचे।
तीन-चार महीने से नहीं जा रही है स्कूल
वहां अधिकारियों को बताया कि बेटी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है इसलिए उसे काकादेव स्थित एक पुनर्वास केंद्र में पढ़ाई के लिए भेजते हैं। हालांकि, वह तीन-चार महीने से स्कूल नहीं जा रही है। हरकत में आई पुलिस ने वीडियो भेजे जाने वाले नंबर को खंगाला तो पता लगा कि वह किसी दूसरे केंद्र की महिला संचालिका है।
विपिन व्हाट्सएप इस्तेमाल कर रहा है
पुलिस ने उसे बुलाकर पूछताछ की तो महिला ने बताया कि नंबर तो उसी का है, लेकिन वह व्हाट्सएप नहीं चलाती है। पुलिस ने साइबर और सर्विलांस टीम की मदद ली, तो पता लगा कि महिला के नंबर पर लाॅगिन कर बजरिया निवासी विपिन व्हाट्सएप इस्तेमाल कर रहा है।
सीसी कैमरे के फुटेज से वीडियो निकाला था
शाम को पुलिस ने विपिन को उठाया तो, उसने बताया कि वह काकादेव स्थित पुनर्वास केंद्र में नौकरी करता था। इसी साल मई में उसे निकाला गया था। उसने केंद्र को बदनाम करने की नीयत से सीसी कैमरे के फुटेज से वीडियो निकाला था। बच्ची के अलावा वहां पढ़ने वाले दूसरे बच्चों के अभिभावकों को भी भेजा।
कहां-कहां वीडियो वायरल किया है
विपिन ने बताया कि काकादेव के बाद उसने कुछ दिन महिला के केंद्र पर भी नौकरी की थी। वहीं से उनका व्हाट्सएप नंबर लॉगिन किया था। पुलिस के मुताबिक फिलहाल विपिन किसी तीसरे केंद्र पर काम कर रहा है। डीसीपी ने बताया कि विपिन से पता किया जा रहा है कि उसने और कहां-कहां वीडियो वायरल किया है। उसके मोबाइल में और वीडियो तो नहीं इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने साल भर के फुटेज खंगाले
मानसिक बीमार किशोरी का अश्लील वीडियो वायरल होने के मामले की पुलिस देर शाम काकादेव स्थित पुनर्वास केंद्र पहुंची। वहां लगे सभी सीसी कैमरों से साल भर के फुटेज खंगाले। इसमें वह फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा जिसकी रिकार्डिंग वायरल की गई थी।
संचालकों और कर्मियों से भी पूछताछ
देर रात तक पुलिस केंद्र पर मौजूद रही और प्रबंधन समेत एक-एक कर्मचारी से पूछताछ की। काकादेव पुलिस का कहना है कि विपिन के मोबाइल की जांच की जा रही है। विपिन ने अब तक जिन तीन केंद्रों पर काम किया है तीनों के संचालकों और कर्मियों से भी पूछताछ की जाएगी।
दंपती बोले- आघात सह नहीं सकते
सीपी कार्यालय में अधिकारियों के सामने दंपती ने अपनी मानसिक बीमार बेटी का हाथ पकड़कर कहा कि वायरल वीडियो देखकर उन दोनों को मानसिक आघात पहुंचा है। एक तो बेटी की बीमारी का गम, उस पर ये वायरल वीडियो। परिजन ने बेटी समेत अपनी जिंदगी समाप्त कर लेने की बात कही। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने फौरन दंपती को शांत करा काकादेव थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।