नए सीपी रघुवीर लाल ने संभाला कार्यभार
- फोटो : अमर उजाला
अखिलेश दुबे हो या उसके जैसा कोई भी संगठित अपराध करने वाला माफिया, अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अपराधियों के खिलाफ एसआईटी के पास जो तहरीरें आईं हैं उनमें जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जनता को सुरक्षा का अहसास कराना और अपराध पर लगाम लगाना हमारी प्राथमिकता है। लापरवाह निकम्मे थानेदार हटाए जाएंगे। अपराधियों के खिलाफ जीरो टाॅलरेंस नीति की ये हुंकार मंगलवार को नए सीपी रघुवीर लाल ने कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारवार्ता के दौरान भरी।
सीपी ने कहा कि बीते दिनों में माफिया के खिलाफ शुरू हुई कार्रवाई में और तेजी देखने को मिलेगी। कानून का उल्लंघन और दुरुपयोग करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। यदि पुलिसकर्मी अपराध में शामिल होंगे तो उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा। महिला, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देंगे। संवेदनशील स्थान या भीड़-भाड़ वाली हर जगह पर पुलिसकर्मी नजर आएंगे। थाना स्तर पर सुनवाई जरूरी है। थाने से पीड़ितों को लौटाने की प्रथा खत्म होनी चाहिए। सुनवाई न होने की शिकायत लेकर फरियादी कमिश्नर कार्यालय आए तो थानेदार पर कार्रवाई होगी।
नए सीपी रघुवीर लाल ने संभाला कार्यभार
- फोटो : अमर उजाला
थानेदार की तैनाती उसकी उपलब्धता, कार्यक्षमता के आधार पर होगी। सिफारिश के दम पर थाना पाने वाले जल्द हटेंगे। ट्रैफिक की व्यवस्था सुधारने के लिए जनता को जागरूक करने के बाद सहयोग लिया जाएगा। इस काम में नगर निगम और आरटीओ की भी मदद ली जाएगी।
नए सीपी रघुवीर लाल ने संभाला कार्यभार
- फोटो : अमर उजाला
साइबर ठगों से निपटने के लिए सीखेंगे एआई
साइबर ठगों से निपटने के लिए अभियान चलाया जाएगा। पुलिसकर्मियों को साइबर ठगों से निपटने के लिए आर्टिफिशल इंटेलीजेंस (एआई) सिखाया जा रहा है। बीएनएस लागू होने के बाद डिजिटल साक्ष्य अहम हो गए हैं। इन्हें जुटाने, संरक्षित करने के बारे में पुलिसकर्मियों को समय-समय पर प्रशिक्षित किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।