कानपुर में गृहकर जमा न करने पर गुरुवार को नेगी गेस्ट हाउस सील करने पहुंचा दस्ता फोर्स न मिलने से बैरंग लौट आया। 12 दिसंबर को इस कार्रवाई के लिए दस्ता फोर्स के साथ मौके पर पहुंचेगा। यदि मौके पर टैक्स जमा न किया तो गेस्ट हाउस सील किया जाएगा। नगर निगम जोन-6 के जोनल अधिकारी रविशंकर यादव ने बताया कि आवास-विकास केशवपुरम स्थित नेगी गेस्ट हाउस पर 19,95,053 लाख रुपये गृहकर बकाया है। नोटिस देने के बावजूद बकाया टैक्स जमा न करने पर उसके खिलाफ कुर्की के आदेश दिए गए।
नेगी गेस्ट हाउस
- फोटो : अमर उजाला
इसकी सूचना भी प्रकाशित हुई है। इसके बावजूद गेस्ट हाउस के मालिक गजेंद्र सिंह नेगी ने बकाया गृहकर जमा नहीं किया। इसलिए गुुरुवार को कुर्की की कार्रवाई की जानी थी पर फोर्स आदि न मिलने की वजह से इसे 24 घंटे के लिए टाल दिया गया। 12 दिसंबर को वह कर अधीक्षक, राजस्व निरीक्षक, पूर्व फौजियों और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचेंगे। मजिस्ट्रेट से भी आग्रह किया गया है। मौके पर यदि गेस्ट हाउस संचालक गृहकर जमा करेंगे, तो दस्ता लौट आएगा वरना नेगी गेस्ट हाउस को सील कर दिया जाएगा।