Kanpur News: छत्तीसगढ़ में होने वाली सब-जूनियर राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए कानपुर की श्रद्धा सोनकर को उत्तर प्रदेश की टीम का कोच नियुक्त किया गया है। इससे पहले भी वह अपनी कोचिंग में यूपी टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचा चुकी हैं।
15 अगस्त से छत्तीसगढ़ में होने वाली सब-जूनियर बालिका राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम भी हिस्सा लेगी। इस टूर्नामेंट के लिए कानपुर की श्रद्धा सोनकर को यूपी टीम का कोच बनाया गया है। यह जिम्मेदारी उन्हें उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ की ओर से सौंपी गई है।
विज्ञापन
वर्तमान में श्रद्धा आगरा के एकलव्य स्टेडियम में चल रहे कैंप में खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दे रही हैं, जो 29 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगा। श्रद्धा के पास कोचिंग का अच्छा अनुभव है; वह इससे पहले भी तीन बार यूपी टीम की कोच रह चुकी हैं। उन्होंने 2022 में सीनियर टीम और 2024 में सब-जूनियर और जूनियर टीम को कोचिंग दी थी, जहां उनकी गाइडेंस में यूपी टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी।