कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र की गंगापुर कालोनी स्थित प्रयाग विद्या मंदिर इंटर काॅलेज में सोमवार सुबह 10वीं के छात्र की उसी के सहपाठी ने क्लास के अंदर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी ने फूफा की जेब से दो सौ रुपये चुराकर नीलेंद्र की हत्या के लिए चाकू खरीदा था। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि 23 जुलाई को स्थानीय दुकान से चाकू लिया था।
कानपुर के बिधनू की गंगापुर कॉलोनी में प्रयाग विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के सहपाठी छात्र नीलेंद्र हत्याकांड की पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नई जानकारी सामने आ रही है। जांच में पता चला है कि आरोपी छात्र ने 23 जुलाई को ही इलाके की एक दुकान से चाकू खरीदा था।
विज्ञापन
इसके लिए छात्र ने 22 जुलाई को अपने फूफा की जेब से दो सौ रुपये चुराए थे। अपने साथियों को भी बताता था कि वह चाकू लेकर चलता है और अगर कोई ज्यादा उछलेगा तो काटकर फेंक देगा। कहने को तो यह डायलॉग था लेकिन किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि बात हत्या तक पहुंच जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि कुछ दिन पहले जब नीलेंद्र और आरोपी छात्र के बीच कहासुनी हुई तो उसने चाकू में धार लगवाई। शुक्रवार को साथियों के जरिये नीलेंद्र को भी धमकाया कि उसने धार लगवा ली है, इसलिए उससे कायदे में रहे, वर्ना अंजाम बुरा होगा। नीलेंद्र को यह पता था कि उसके पास चाकू है, लेकिन वह ऐसा करेगा इसका किसी को इल्म नहीं था।
विज्ञापन
यही वजह है कि दो छात्रों ने जब दोनों को सोमवार सुबह दूसरी मंजिल पर समझौता करने के लिए बुलाया तो बात बनने के बजाय बिगड़ते-बिगड़ते हत्या तक पहुंच गई। एसीपी घाटमपुर दिनेश शुक्ला ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है। जल्द ही मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
बेटी को इस विद्यालय में नहीं पढ़ाएंगे
नीलेन्द्र की बहन भी प्रयाग विद्या मंदिर इंटर कालेज में कक्षा सात में पढ़ती है। विद्यालय की लापरवाही के चलते बेटे की हत्या से आहत पिता जितेंद्र ने कहा कि बेटी को अब इस विद्यालय में नहीं पढ़ाएंगे।
मामा के बेटे ने दी मुखाग्नि
सिद्धनाथ घाट में शव का अंतिम संस्कार किया गया।मामा के बेटे गोलू ने मुखाग्नि दी।
बेटे के हत्यारोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले
इकलौते बेटे की हत्या से आहत पिता जितेंद्र काफी देर तक कुछ बोल नहीं पाए। एकटक खुले आसमान को निहारते रहे। कुछ देर बाद बोले बेटे के हत्यारे को कड़ी से कड़ी से सजा मिलनी चाहिए। बेटे हत्या करने वाला तो आरोपी है ही लेकिन इस हत्या के लिए विद्यालय प्रशासन भी कम दोषी नहीं है। विद्यालय की लापरवाही के चलते यह घटना हुई है। विद्यालय के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
नाबालिग हत्यारोपी को भेजा बच्चा जेल
बिधनू पुलिस ने नाबालिग हत्यारोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश करने के बाद हनुमंतविहार स्थित बाल सुधार बंदीगृह भेज दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया नीलेंद्र ने उसे गाली देने के बाद लड़कियों के सामने पीटा था। इसका बदला लेने के लिए उसने हत्या की।
कानपुर के बिधनू के गंगापुर कॉलोनी के इंटर कॉलेज में सोमवार को सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। क्लास में ही एक छात्र ने अपने सहपाठी की हत्या कर दी। छात्र-छात्राओं से भरी कक्षा में साथी को चाकू से गोदकर मार डाला। आरोपी छात्र ने सभी वार गले पर किए, ताकि बचने की कोई गुंजाइश न रहे।
सोमवार को स्कूल की पहली मंजिल पर जो हुआ, उसे देख जहां एक ओर अधिकांश बच्चे सहमे हैं, वहीं कुछ ऐसे भी थे जिन्होंने हिम्मत जुटाकर बचाने का प्रयास किया था। हालांकि जब तक वह हमलावर को पकड़कर काबू में कर पाते, उसने नीलेंद्र पर कई वार कर दिए थे। हमला होते ही क्लास में मौजूद छात्राओं और छात्रों में चीख-पुकार मच गई।
शोर सुनकर 11वीं क्लास का एक छात्र अपने साथी के साथ भागकर क्लास के दरवाजे पर पहुंचा। उनकी नजर के सामने नीलेंद्र जमीन पर था, उसके गले से खून की धार बह रही थी। इसके बावजूद हमलावर गालीगलौज करते हुए उसपर अगले हमले के लिए कदम बढ़ा चुका था।
दोनों उसे पकड़ने पहुंचे लेकिन पकड़ने से पहले ही हमलावर छात्र ने एक सांस में कई वार नीलेंद्र के गले और सीने पर कर दिए। उन्होंने छात्र को पकड़ा। आसपास मौजूद छात्र भी आगे आए, इस बीच शोर सुनकर कुछ शिक्षक भी पहुंच गए।
चाकू छुड़वाने के समय भी हमलावर की चाकू पर पकड़ बेहद मजबूत थी। नीलेंद्र के घर के नजदीक रहने वाले एक अन्य छात्र ने बताया कि हमलावर को देखकर लगा जैसे उस पर नीलेंद्र की हत्या का जुनून सवार है। भारी मन से बोला कि काश वह पहले पहुंच जाता तो शायद नीलेंद्र बच जाता।