कानपुर के हैलट अस्पताल में रविवार देर रात संदिग्ध युवक को लेकर पीआरओ और जूनियर डॉक्टर के बीच तीखी झड़प और मारपीट हो गई। विवाद बढ़ने पर कई जूनियर डॉक्टर मौके पर पहुंच गए। मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सोमवार को प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझाया, जिसके बाद मामला सुलझ गया। जानकारी के मुताबिक रात में वार्ड-10 में एक संदिग्ध युवक टहल रहा था।
इस दौरान पीआरओ और ईएमओ ने उससे वहां घूमने का कारण पूछा, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर पीआरओ उसे चौकी ले गए और पुलिस के हवाले कर दिया। कुछ देर बाद एक जूनियर डॉक्टर वहां पहुंचा और युवक को पुलिस के सुपुर्द करने पर आपत्ति जताते हुए पीआरओ से बहस करने लगा। कहा कि युवक उसके लिए काम करता है। इसी दौरान कई जेआर भी मौके पर जुट गए। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। विवाद रात करीब साढ़े 10 बजे से दो बजे तक चला।