कानपुर के एक कारोबारी से 1.80 करोड़ की ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के गिरोह के एक सदस्य को कानपुर पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान नागपुर निवासी चंद्रशेखर नत्थूजी भुजाड़े के रूप में हुई है। पकड़ा गया आरोपी एफएमसीजी प्रोडक्ट का डिस्ट्रीब्यूटर है। जांच में पता चला है कि उसने साइबर ठगों को अपना करंट बैंक अकाउंट ठगी की रकम मंगवाने के एवज में चालीस प्रतिशत कमीशन पर दे रखा था।
ठग उसके बैंक खाते में रकम मंगाते और चालीस प्रतिशत रकम छोड़कर बाकी की अन्य बैंक खातों में या कैश निकाल लेते थे। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ 13 राज्यों में शिकायत दर्ज है। एसीपी क्राइम मोहसिन खान ने बताया कि कैंट के नवशील अपार्टमेंट निवासी कारोबारी विनोद कुमार से 18 अप्रैल से 24 मई के बीच साइबर ठगों ने फर्जी वेबसाइट के जरिये शेयर मार्केट में निवेश कराने के नाम पर 1.80 करोड़ रुपये हड़प लिए थे। 20 जून को कारोबारी ने साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।