सार
Kanpur News: छठे राज्य वित्त आयोग की बैठक के दौरान कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम की आय और बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की जमीन पर बने कन्वेंशन सेंटर के संचालन का टेंडर स्मार्ट सिटी द्वारा किए जाने से निगम की आय का स्रोत खत्म हो गया है, जबकि राजस्व साझा होने की बात कही गई थी।
लखनऊ के एक होटल में फोरम की बैठक में बोलतीं महापौर प्रमिला पांडेय
- फोटो : amar ujala
शहरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और बुनियादी सुविधाओं में सुधार के लिए बुधवार को लखनऊ में छठे राज्य वित्त आयोग के लिए उत्तर प्रदेश महापौर फोरम की बैठक हुई। इसमें महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए अलग बजट देने, कन्वेंशन सेंटर के संचालन और विज्ञापन होर्डिंग्स से होने वाली आय के अधिकारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की जमीन पर बने कन्वेंशन सेंटर से निगम को आय होनी चाहिए थी, लेकिन स्मार्ट सिटी ने संचालन का टेंडर कर दिया।
इससे निगम की आय बढ़ने की संभावना खत्म हो गई। महापौर ने कहा कि कन्वेंशन सेंटर के मामले में राजस्व साझा करने की बात हुई थी लेकिन संचालन का ठेका देने से नगर निगम को अपेक्षित लाभ नहीं मिलेगा। इसी तरह विज्ञापन होर्डिंग्स से आय के अधिकार भी 10 से 20 साल तक के लिए दिए जा चुके हैं। ऐसे में नगर निगम अपनी आय कैसे बढ़ाएगा। उन्होंने नए प्रोजेक्ट्स के लिए अलग से धन उपलब्ध कराने की मांग की।