कानपुर में कल्याणपुर के मिर्जापुर नई बस्ती में युवक ने बच्चों संग खेल रही तीन वर्षीय मासूम संग छेड़छाड़ की। घटना से आक्रोशित इलाकाई लोगों ने आरोपी को पीटा फिर सिर मुंडवाकर मुंह पर कालिख पोत दी। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
नया शिवली रोड निवासी लोहार की पत्नी घर पर ही पान मसाले की गुमटी चलाती है। बच्ची के पिता ने बताया कि गुरूवार दोपहर उसकी तीन वर्षीय बेटी पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रही थी। इस बीच पास के एक निजी अस्पताल का सफाई कर्मचारी शिवली निवासी अंकित उसकी दुकान पर गुटखा खरीदने आया।
पत्नी से गुटखा लेने के बाद अंकित मौका पाकर घर में घुस गया। जहां वह बच्ची को गोद में खिलाने के बहाने उसके साथ छेड़खानी करने लगा। बच्ची के रोने पर परिजन अंदर पहुंचे तो आरोपी धक्का देते हुए मौके से भाग निकला। परिजनों ने बच्ची से पूछताछ की तो उसने घटना की जानकारी दी।