Kanpur News: डॉक्टर के फ्लैट से 2.85 लाख रुपये चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने नाैकरानी को गिरफ्तार कर 85 हजार रुपये बरामद किए हैं।
डॉक्टर दंपती के फ्लैट से नौकरानी ने 2.85 लाख रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने गुरुवार को नौकरानी को गिरफ्तार कर 85 हजार रुपये बरामद कर लिए। नाैकरानी ने बताया कि चोरी किए रुपये से उसने जेवर और बच्चों के कपड़े खरीदने के साथ ही कर्ज चुका दिया। कल्याणपुर इंदिरानगर स्थित डिविनिटी अपार्टमेंट की 13वीं मंजिल के फ्लैट नंबर 1303 पर डॉक्टर दंपती अमित वर्मा और प्रिया वर्मा रहते हैं।
विज्ञापन
उनके घर में फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी अनुराधा कश्यप नाम की महिला करीब तीन साल से काम कर रही थी। वह घर में बुजुर्ग मां की देखभाल करती थी। डॉक्टर ने अलमारी के पास रैक में छह लाख रुपये रखे थे। मंगलवार को उन्होंने देखा तो उसमें 2.85 लाख रुपये कम थे। इधर, दो दिन से नौकरानी भी गायब थी। डॉक्टर ने शक के आधार पर बुधवार देर रात इसकी रिपोर्ट दर्ज करा दी।
इसके बाद पुलिस ने गुरुवार को आरोपी नौकरानी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 85 हजार रुपये भी बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में नौकरानी ने बताया कि चोरी के पैसे से दो जोड़ी कान के झुमके, बच्चों के कपड़े और कर्ज अदा कर दिया। कल्याणपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि नौकरानी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।