नवाबगंज में गांजा तस्करों के खिलाफ बुधवार रात लोगों की भीड़ सड़क पर उतर आई। भीड़ ने तस्करों और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भीड़ ने एक युवक पर गांजा तस्करी का आरोप लगाकर उसके घर पर ईंट-पत्थर चलाए। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया।
पहलवान पुरवा में देर रात महिलाएं, बच्चों समेत काफी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने गांजा तस्करों के खिलाफ हो-हल्ला किया। लोगों का आरोप है कि मोहल्ले के कुछ लोग गांजे की तस्करी करते हैं। पुलिस सब कुछ जानते हुए भी मौन रहती है। गुस्साए लोगों ने एक मकान पर पथराव भी किया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किसी तरह भीड़ को हटाया। इंस्पेक्टर राज केसर का कहना है कि गांजा तस्करी और पथराव की कोई बात नहीं है। घर के बाहर लगे कैमरा तोड़े जाने की बात पर दो पक्षों में विवाद हुआ था। फिलहाल स्थिति सामान्य है।