इंडिया मार्ट पर फर्म के नाम से संपर्क कर लेदर कारोबारी का भरोसा जीत 2.75 लाख रुपये का चेक देकर पर्स और बेल्ट मंगा लिए। माल पहुंचने के बाद कारोबारी ने चेक बैंक में लगाया तो बाउंस हो गया। मामले में कारोबारी ने हरबंशमोहल थाने में दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। हरबंश मोहाल में राज इंटरनेशनल के प्रोपराइटर श्रेयांश राज ने पुलिस को बताया कि नौ मई को इंडिया मार्ट के माध्यम से अशोक उर्फ रोहित ने संपर्क किया।
फर्म के पर्स और बेल्ट खरीदने में रुचि दिखाई और व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू की। नौ जून की तारीख का 2.75 लाख रुपये का चेक दिया। कारोबारी ने पर्स और बेल्ट लखनऊ के अमीनाबाद स्थित बताए गए पते पर भेज दिए। चेक बाउंस होने के बाद ठगी का पता चला। कारोबारी ने कथित फर्म के प्रोपराइटर दिनेश हरशु प्रसाद मिश्रा व अशोक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। हरबंश मोहाल थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।