कमिश्नर कैंप कार्यालय में मीटिंग, देररात तक चलीं तैयारियां
कानपुर और झांसी मंडल के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा बुधवार को होगी। इसी सिलसिले में भारत निर्वाचन आयोग की टीम कानपुर आ रही है। सुबह 11:30 बजे से कमिश्नर कैंप कार्यालय सभागार में मीटिंग है। तैयारियों के चलते देर रात तक दफ्तर खुले रहे।
आगामी विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची तैयार है। मतदान केंद्र और बूथ भी बन गए हैं। मतदान केंद्रों पर पानी, बिजली, फर्नीचर की व्यवस्था है। अब इन्हीं तैयारियों का जायजा लेने उप निर्वाचन आयुक्त विजय देव और मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी वेंकटेश आ रहे हैं। चुनाव अधिकारी कानून-व्यवस्था की समीक्षा भी करेंगे। संवेदनशील, अति संवेदनशील बूथों की जानकारी लेंगे। कमिश्नर मो. इफ्तिखारुद्दीन ने बताया कि चुनाव की तैयारियां पूरी हैं। पूरी जानकारी चुनाव आयोग को दी जाएगी।
ये अफसर रहेंगे
चुनाव आयोग की मीटिंग में कानपुर और झांसी मंडल के कमिश्नर रहेंगे। आईजी, डीआईजी, डीएम, एसएसपी और एसपी को भी रहना है।
कानपुर मंडल
कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, कन्नौज और फर्रुखाबाद।
झांसी मंडल
झांसी, जालौन (उरई) और ललितपुर।