होली में तेज रफ्तार ने नौ परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। शहर में शुक्रवार को अलग-अलग थानाक्षेत्रों में सड़क हादसों में दो वृद्ध समेत नौ की जान चली गई। शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा।
विज्ञापन
अपाचे बाइक की टक्कर से एक की मौत, दूसरा भाई गंभीर
गोविंदनगर के जेपी काॅलोनी निवासी हरजीत सिंह (57) लोडर चालक थे। शुक्रवार शाम वह अपने भाई सतनाम सिंह के साथ बाइक से फजलगंज चौराहे के पास सीएनजी पंप के पास कट से दाहिने मुड़ रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अपाचे बाइक सवार युवकों ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना देकर हैलट पहुंचाया, जहां हरजीत सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। दूसरे भाई की हालत नाजुक बनी हुई है। बेटे इंदरजीत ने बताया कि मां की पहले मौत हो चुकी है।
कार की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री की मौत
महाराजपुर थानाक्षेत्र के मजरा अनियापुर फुफुवार राजथोक निवासी ओमकार (40) बिजली मिस्त्री थे। छोटे भाई विश्वनाथ ने बताया कि होली के दिन शाम को वह अनियापुर से घर की ओर पैदल जा रहे थे। तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। आसपास के लोग उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पत्नी ममता, बच्चे नंदनी और सौरभ का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
विज्ञापन
Trending Videos
अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत
ग्वालटोली थानाक्षेत्र के अहिराना निवासी अमित उर्फ आशीष (18) ई-रिक्शा चालक था। परिजनों ने बताया कि वह होली की रात में रिक्शा लेकर टाटमिल गया था। वहां किसी वाहन ने चौराहे के पास टक्कर मार दी। पुलिस ने हैलट में भर्ती कराया, वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बड़ा भाई अनिया और बहन सुमन हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है।
पेड़ से टकराई कार, स्टीयरिंग घुसने से युवक की मौत
कानपुर देहात के नबीपुर निवासी नीरज कुमार (37) होली के दिन दोस्तों के साथ कार से बिल्हौर जा रहे थे। उनकी कार अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से जा टकराई। गाड़ी की स्टीयरिंग टूटकर नीरज की छाती में घुस गई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मिले मोबाइल और अन्य दस्तावेजों से परिवार को सूचना दी। पत्नी ज्योत्सना, एक बेटी व बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि बिल्हौर रोड पर उल्टी दिशा में ट्रक भगाता चला आ रहा था, उससे बचने के लिए गलत दिशा में कार को काट दिया और हादसे के शिकार हो गए।
पोल से टकाराए बाइक सवार, एक मौत, दूसरा गंभीर
घाटमपुर के शिवपुरी पश्चिमी निवासी सुमित (30) अपने साथी परास गांव निवासी अंकित के साथ बाइक से ससुराल जा रहा था। मुगल रोड पर एक ट्रक से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को हैलट ले गई। वहां इलाज के दौरान सुमित की मौत हो गई। दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।
कुत्ता सामने आने से बाइक में मारी ब्रेक, फिसलने से चली गई युवक की जान
कल्याणपुर थानाक्षेत्र के कल्याणपुर खुर्द निवासी अवनीश अग्निहोत्री (32) आइस्क्रीम फैक्टरी में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। दो भाई राहुल और सौरभ हैं। परिजनों ने बताया कि दोस्त की बर्थडे पार्टी से वह घर लौट रहे थे, इसी दौरान अचानक सामने कुत्ता आ जाने के कारण ब्रेक लगाने से उनकी बाइक फिसल गई। इससे वह घिसटते चले गए। हादसे में सिर में चोट लगने के कारण मौत हो गई।
ट्रक की टक्कर से चचेरे भाइयों की मौत
कानपुर देहात के अकबरपुर हजारी पटवा निवासी राकेश पासवान का बेटा कोमल (18) रनियां स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई मिथुन की बेटी की ससुराल चचेरे भाई शशी कपूर (20) के साथ फतेहपुर जा रहा था। रामादेवी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। कांशीराम अस्पताल में कोमल की मौत हो गई। शशी को हैलट रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दाैरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे में मौत के बाद कोमल की मां सीमा, बहन प्रिया व नंदू का रो-रोकर बुरा हाल था।
बाइक से गिरकर वृद्धा की गई जान
गोविंदनगर थानाक्षेत्र के कच्ची बस्ती की रहने वाली माधेई (60) अपने बेटे रामविलास के साथ बाइक से बिठूर जा रही थी, तभी रास्ते में ऊबड़खाबड़ सड़क होने के कारण उछलकर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों की मदद से उन्हें परिजन अपने साथ ले आए और गोविंदनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि उनके पति की मौत हो चुकी है।