फीलखाना थानाक्षेत्र के भगवतदास घाट पर रविवार देर शाम गंगा नहाने गए तीन भाई डूबने लगे। शोर शराबा सुनकर वहां मौजूद गोताखोरों ने दो भाइयों को बचा लिया। वहीं, तीसरा भाई गहरे पानी में जाने से डूब गया। कड़ी मशक्कत कर देर रात युवक का शव बरामद किया जा सका।
डिफेंस कालोनी भगतवदास घाट के पास का रहने वाला निखिल कुमार (20) एक इंटर कॉलेज में नवीं पास कर हाईस्कूल में गया था। परिवार में छोटा भाई अखिल, मां शोभा और दो बहनें खुशी व पूजा हैं। पिता मनोज कुमार का 11 अप्रैल को लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया था। परिजनों ने बताया कि रविवार देर शाम निखिल, छोटे भाई अखिल और मामा अरविंद कुमार के बेटे अंकित कुमार के साथ भगवतदास घाट पर गंगा नहाने गए थे। इस दौरान मौजमस्ती में अचानक नहाते हुए तीनों गहराई में जाकर डूबने लगे।
शोर मचाने पर घाट पर मौजूद गोताखोरों ने कूदकर अखिल और अंकित को बाहर निकाल लिया लेकिन निखिल गहराई में जाकर डूब गया। परिजनों ने बताया कि रविवार देर रात गोताखोरों ने निखिल का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद कर लिया। एक माह के भीतर पिता के बाद बड़े बेटे की मौत के कारण मां और बहनें बदहवास हो गईं। फीलखाना इंस्पेक्टर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।