आईपीएल, वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के बाद बीसीसीआई के घरेलू क्रिकेट कैलेंडर से भी ग्रीनपार्क स्टेडियम बाहर हो सकता है। घरेलू सत्र 2026-27 के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने चार प्रमुख घरेलू ट्रॉफियों के सभी मुकाबलों की मेजबानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम को सौंपी है, जबकि ग्रीनपार्क स्टेडियम को एक भी मैच नहीं मिला है।
इसकी प्रमुख वजह नवंबर से प्रस्तावित स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य को मानी जा रही है। वीनू मांकड़ अंडर-19 एकदिवसीय ट्रॉफी के 15, विजय मर्चेंट अंडर-16 ट्रॉफी के 15, महिला अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी के 28 और महिला अंडर-23 एकदिवसीय ट्रॉफी के 15 मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होंगे। ग्रीनपार्क स्टेडियम को पिछले घरेलू सत्र 2025-26 में भी सीमित मैच मिले थे।