फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर: ग्रीनपार्क बनेगा प्रदेश का सर्वाधिक दर्शक क्षमता वाला स्टेडियम, पीडब्ल्यूडी ने तैयार किया नया प्रस्ताव

Wed, 02 Sep 2026 11:04 PM IST
Shikha Pandey न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

पीडब्ल्यूडी ने नया प्रस्ताव तैयार किया है। ग्रीनपार्क की दर्शक क्षमता 55 हजार हो जाएगी। पुराने 350 करोड़ के कायाकल्प प्लान में 45 करोड़ की राशि जारी हो चुकी है।
विज्ञापन
पुनर्निर्माण के बाद ऐसा बनेगा नया ग्रीनपार्क स्टेडियम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वनडे, टी-20 और आईपीएल मैच के आयोजन के लिए ग्रीनपार्क को प्रदेश में सबसे अधिक दर्शकों की क्षमता वाला क्रिकेट स्टेडियम बनाने की तैयारी है। यहां 55 हजार दर्शक एक साथ मैच देख सकेंगे। इसके लिए स्टेडियम के कायाकल्प की योजना में बदलाव किया गया है। अभी यहां 35 हजार दर्शक क्षमता का स्टेडियम प्रस्तावित है, जिसकी पहली किस्त के 45 करोड़ स्वीकृत हो गए हैं। नए प्रस्ताव में स्वीकृत हुआ बजट 350 करोड़ से बढ़कर 457 करोड़ हो गया है। पीडब्ल्यूडी ने नया प्रस्ताव शासन को भेजा है।
विज्ञापन


सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि नए प्रस्ताव से ग्रीनपार्क प्रदेश का सर्वाधिक दर्शक क्षमता वाला स्टेडियम बन जाएगा। उन्होंने बताया कि 55 हजार दर्शकों की क्षमता के अनुरूप पुनर्विकास को लेकर शासन स्तर पर सहमति मिल गई है। पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट के बाद परियोजना की आगे की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। ग्रीनपार्क में अंतरराष्ट्रीय वनडे, टी-20 और आईपीएल मुकाबलों के आयोजन में सीमित दर्शक क्षमता के अलावा जल निकासी के लिए बेहतर ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था का अभाव और बालकनी की सुरक्षा जैसे मुद्दे लंबे समय से चुनौती बने हुए हैं। इन्हीं कमियों को दूर करने के लिए स्टेडियम के व्यापक कायाकल्प की मांग उठती रही है।

प्रदेश सरकार ने फरवरी के बजट में इसके लिए 350 करोड़ का प्रावधान किया था। पहले चरण के लिए 45 करोड़ स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन अभी निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। सांसद ने बताया कि पुराने डीपीआर में स्टेडियम की क्षमता करीब 35 हजार दर्शक की थी। उनकी ओर से क्षमता बढ़ाने की मांग के बाद पीडब्ल्यूडी ने पुनर्विकास का नया खाका तैयार किया गया। नए इस्टीमेट में परियोजना की लागत बढ़कर 456.94 करोड़ रुपये पहुंच गई है। स्टेडियम की दर्शक क्षमता 55 हजार हो जाएगी, इसमें भविष्य में आईपीएल, टी-20 और वनडे सीरीज के लिए रास्ता भी खुलेगा। मौजूदा समय में लखनऊ के इकाना स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 50 हजार है।
विज्ञापन
विज्ञापन

तीन चरणों में होगा काम
पहले चरण में सी बालकनी, मीडिया सेंटर, प्लेयर पवेलियन, फील्ड ऑफ प्ले (एफओपी) और स्पोर्ट्स लाइटिंग से जुड़े कार्य किए जाएंगे। दूसरे चरण में ईस्ट स्टैंड का निर्माण होगा। तीसरे चरण में नॉर्थ-ईस्ट, नॉर्थ-वेस्ट और साउथ-वेस्ट स्टैंड विकसित किए जाएंगे। सभी कार्य पूरे होने के बाद ग्रीन पार्क की क्षमता करीब 55 हजार दर्शकों की हो जाएगी। स्टेडियम परिसर में वाहनों की भारी भीड़ से बचने के लिए बड़े पैमाने पर कार पार्किंग बनाने के बजाय सैटेलाइट पार्किंग, शटल सेवा और पैदल आवागमन को बढ़ावा देने की योजना है। इससे मैचों के दौरान स्टेडियम के आसपास यातायात दबाव कम करने और दर्शकों की आवाजाही को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें