कारोबारी की पत्नी पूजा गहनों के खाली डिब्बे दिखाती हुई
- फोटो : अमर उजाला
हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के केशवपुरम इलाके में रहने वाले शराब कारोबारी संतोष स्वामी के घर से करीब 250 ग्राम सोने के जेवार चोरी हो गए। वर्तमान में उनकी कीमत लगभग 30 लाख रुपये है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस आरोपी का पता लगाने में जुट गई है। घर के भूतल पर संतोष के बड़े भाई ललित स्वामी का परिवार रहता है जबकि संतोष पत्नी पूजा और बच्चों के साथ पहली मंजिल पर रहते हैं।
संतोष के अनुसार, दीपावली पर पहनने के लिए पत्नी ने अलमारी से जेवर निकाले थे। इसे त्योहार के बाद फिर से अलमारी में सुरक्षित रख दिया था। गुरुवार सुबह पत्नी ने एक समारोह में जाने के लिए जेवर निकालने के लिए अलमारी खोलने का प्रयास किया तो देखा कि उसका ताला पहले से खुला था जबकि उसके पल्ले बंद थे। हल्का धक्का देने पर अलमारी खुल गई। लॉकर में 250 ग्राम जेवर गायब थे। परिवार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची हनुमंत विहार थाना पुलिस ने घर का मुआयना किया तो उन्हें किसी बाहरी के घर में जबरन प्रवेश करने या तोड़फोड़ करने के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि सच्चाई का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि इस वारदात को घर के अंदर की जानकारी रखने वाले व्यक्ति ने ही अंजाम दिया होगा। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।