सोने-चांदी के भावों में नरमी से सराफा में रौनक बढ़ने लगी है। जिन घरों में नवंबर-दिसंबर में शादियां हैं, वे नवरात्रों में गहनों की बुकिंग तेजी से करा रहे हैं। इसके अलावा करवाचौथ, धनतेरस के लिए भी रिटेलर सराफा ने तैयारी शुरू कर दी हैं। वे सराफा को सोने-चांदी के आर्डर दे रहे हैं।
इस साल जनवरी में सोने-चांदी के भाव रिकॉर्ड स्तर पर थे। चांदी चार लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। अब कीमतों में काफी अंतर आया है। बीते दिनों से चांदी के भाव में ज्यादा उठापटक देखने को मिल रही है। बृहस्पतिवार को चांदी का भाव 2,14,500 रुपये किलो हो गया था जबकि एमसीएक्स में भाव 2,11,000 रुपये प्रति किलो पहुंच गया था। सोने के भाव भी प्रति 10 ग्राम 1,49,700 रुपये हो गए थे।
शुक्रवार को भाव में फिर बढ़त देखने को मिली। चांदी का भाव 2,17,500 रुपये किलो हो गया। सोने का भाव भी 1,50,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। पिछले सप्ताह तक सोने का भाव प्रति 10 ग्राम 1,53,400 रुपये के स्तर पर था। चांदी का भाव भी 2,28,000 रुपये किलो के आसपास था। शहर में सामान्य दिनों में पहले 35 किलो सोने और 200 किलो चांदी की बिक्री होती थी। अब 10 किलो सोना और 50-60 किलो चांदी की बिक्री होने लगी है।