सिविल लाइंस स्थित नजूल की करोड़ों की जमीन कब्जाने के प्रयास में जेल गए अवनीश दीक्षित की 3.25 करोड़ की संपत्ति सीज होने का रास्ता साफ हो गया। पुलिस कमिश्नर कोर्ट ने सोमवार को संपत्ति जब्त करने के आदेश जारी कर दिए। आदेश के तहत 2.68 करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत वाले मकान के साथ ही एक फॉर्च्युनर कार को भी जब्त किया जाएगा। इसके अलावा रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
बता दें, पिछले साल 28 जुलाई को लेखपाल विपिन कुमार और सैमुअल गुरुदेव की ओर से अवनीश समेत 12 नामजद व 20 अज्ञात लोगों पर डकैती समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। कोतवाली पुलिस ने अवनीश दीक्षित को गैंग लीडर बनाते हुए रेंज स्तर पर पहला इंटर स्टेट गैंग रजिस्टर किया था। इसमें 16 आरोपियों को गैंग का सदस्य दर्ज किया गया। इसके बाद गैंग के सदस्यों की संपत्तियां चिह्नित कर उसकी फाइल पुलिस कमिश्नर कोर्ट में भेजी गई थी। इस पर पुलिस कमिश्नर ने अवनीश दीक्षित की अपराध से कमाई गई संपत्ति को सीज करने के आदेश दे दिए हैं। इसो पहले अवनीश गैंग के शातिर हरेंद्र मसीह की संपत्ति भी जब्त करने के आदेश पुलिस कमिश्नर कोर्ट जारी कर चुका है। इसी हफ्ते हरेंद्र की झांसी स्थित चल अचल संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई होगी।