लखनऊ में पांच प्लॉट बेचने के नाम पर एक शख्स से एक रियल एस्टेट कंपनी के निदेशकों ने 50 लाख की ठगी कर ली। प्लॉट न मिलने पर पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ले उसे चेक दे दी। बैंक में चेक में लगाई तो वह बाउंस हो गई। कोर्ट के आदेश पर जाजमऊ पुलिस ने कंपनी के दो निदेशकों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
परदेवनपुरवा निवासी मनोज गुप्ता ने कुछ साल पहले निवेश करने के उद्देश्य से दिशादीप डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राजू श्रीवास्तव और आरके पांडेय से संपर्क किया। दोनों ने उन्हें लखनऊ के मोहनलालगंज में ग्रीन सिटी के सेक्टर चार में प्लॉट दिखाए। मनोज के मुताबिक दोनों निदेशकों ने एक प्लॉट की कीमत 12 लाख बताई। साथ ही पांच प्लॉट 50 लाख रुपये में देने को कहा। उन्होंने पांच प्लॉटों का एग्रीमेंट कर कई किश्तों में 50 लाख रुपये जमा कर दिए। रकम लेने के बाद भी प्लॉटों की रजिस्ट्री करने की बजाय आरोपियों ने उन्हें कानूनी अड़चनों का बहाना बना दिया।
रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने उन्हें दो चेक दे दी। इनमें से एक चेक बाउंस हो गई। इसका एनआई एक्ट में मुकदमा भी चल रहा है जबकि दूसरी चेक उन्होंने अपने बैंक की लाल बंगला शाखा में लगाई। काफी समय बीत जाने के बाद भी रकम खाते में नहीं आई। इस पर उन्होंने बैंक के लिपिक गौरव अवस्थी और शाखा प्रबंधक अंकुर तनेजा से शिकायत की, तो वे भी टाल मटोली करते रहे। इस पर उन्होंने सभी के मिले होने की आशंका हुई। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि पुलिस के कार्रवाई न करने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।