डॉ. परवेज खान व अन्य
- फोटो : amar ujala
टीबी रोगियों की आंखों की रोशनी बचाने का नुस्खा जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग ने खोजा है। टीबी की रोकथाम में प्रयुक्त होने वाली कारगर दवा एथम्ब्यूटोल आंखों के लिए हानिकारक है। लंबे समय तक प्रयोग से एथम्ब्यूटोल आंखों की नसों (ऑप्टिक नर्व) से कॉपर और जिंक खींच लेती है और नसों की माइटोकोंड्रिया को नुकसान पहुंचाती है। इससे बहुत से रोगियों की दृष्टि चली जाती है। अभी तक इसका कोई कारगर इलाज नहीं रहा।
जीएसवीएम मेडिकल काॅलेज के नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. परवेज खान ने चार वर्ष के शोध के बाद इसका उपचार खोजा है। शोध में रोगियों को सिलोसटाजोल, पेंटोक्सीफाइलिन और विटामिन बी-12 दिया गया जिसके बाद रोगियों की दृष्टि में सुधार हुआ। इसे वीईपी टेस्ट से प्रमाणित किया गया। डॉ. खान ने कहा कि प्राचार्य डॉ. काला के कुशल नेतृत्व एवं रिसर्च के प्रोत्साहन के कारण यह शोध संभव हुआ।