कानपुर में कोरोना से चार और मौतों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। इनमें से दो मौतें पुरानी हैं, जिन्हें निजी अस्पतालों ने अब कुबूला है। इसके अलावा एक-एक मौत हैलट अस्पताल और रामा मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे के अंदर हुई। साथ ही नगर में 18 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं।
हैलट में कोरोना संक्रमित काकादेव के 51 साल के व्यक्ति की मौत हुई है। रोगी हेपेटाइटिस बी की चपेट में पहले से था। कोरोना संक्रमण के बाद लिवर ने काम करना बंद कर दिया था। इसी तरह रामा मेडिकल कॉलेज में 46 साल की महिला की कोरोना से मौत हुई।
वह पहले से हाइपरटेंशन की चपेट मेें थी। कोरोना संक्रमण के बाद दोनों गुर्दों में खराबी आ गई थी। उधर, लाइफट्रॉन हॉस्पिटल और चांदनी नर्सिंगहोम में हुई एक-एक पुरानी मौतों का आंकड़ा शनिवार को स्टेट कोविड पोर्टल पर अपडेट किया गया।
शहर में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 82612 हो गई है। इनमें 80557 रोगी इलाज से ठीक हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 9404 कोरोना संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए हैं। 339 सैंपल विशेष सर्वेलांस और 9065 सैंपल रुटीन में लिए गए।