खाकी पहनकर गांजा बेच रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से करीब ढाई किलो गांजा और बाइक मिली है। कल्याणपुर थाने में आरोपी की फोटो खिंचाई जा रही थी जिस पर उसने अपना चेहरा अंगौछे से ढंक लिया था। पुलिसकर्मियों ने उसका अंगाैछा हटाने का प्रयास किया तो वह भिड़ गया। बाद में उसने अपना चेहरा नीचे कर लिया।
एडीसीपी ऑपरेशन सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि आरोपी केशवपुरम आवास विकास निवासी मधुकर भदौरिया को बारासिरोही क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। वह उन्नाव से माल लाकर रावतपुर, कल्याणपुर और बिठूर क्षेत्र में सप्लाई किया करता था। सूचना के आधार पर मधुकर भदौरिया को बारासिरोही नहर पुल के पास से दबोच लिया गया। आरोपी वन विभाग में संविदा कर्मी है। संविदा कर्मियों को यूनिफार्म नहीं मिलती है, लेकिन आरोपी लोगों को धौंस दिखाने के लिए खाकी वर्दी पहनता था। इसके साथ अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका है। जानकारी जुटाई जा रही है।