कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल कस्बे में तीन दिसंबर को आयुष जनरल स्टोर संचालक राजेश गुप्ता से खाद्य निरीक्षक अनिल पाल द्वारा जांच और सैंपलिंग के नाम पर बीस हजार रुपये की मांग किए जाने और बाद में 10 हजार पांच सौ रुपये की उगाही किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। व्यापारी ने बताया कि छह हजार नगद, चार हजार ऑनलाइन और पांच सौ रुपये निरीक्षक के साथ आए चालक को दिए गए थे।
घटना के बाद उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष महेश वर्मा की अगुवाई में व्यापारियों ने महाराजपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी थाना स्तर से कोई कदम न उठाए जाने पर व्यापारियों ने गुरुवार दोपहर बारह बजे मानव श्रृंखला बनाकर थाने के बाहर एकत्रित होने का आह्वान किया था।